शरीर पर स्प्रे और टी-शर्ट तैयार !


लंदन. टी-शर्ट पहननी है? तो बस अपने शरीर पर स्प्रे कराओ और बन गई टी-शर्ट। स्पेन के एक विशेषज्ञ ने कॉटन के रेशों का ऐसा तरल मिश्रण तैयार किया जो शरीर पर स्प्रे करने के तुरंत बाद सूख जाता है।

इससे आप टी-शर्ट से लेकर पेंट, स्विम सूट और टोपी भी बना सकते हैं। डॉ. मैनल टोरेस ने अपने इस आविष्कार पर दस साल तक काम किया है। इसे फैब्रिकैन नाम दिया गया है। यह एक तरह से एयरोसोल कैन में बंद सचमुच का कपड़ा है।

शरीर पर पेंट..

डॉ. टोरेस ने एक वीडियो में बताया कि यह कैसे काम करता है। उन्होंने 15 मिनट के भीतर एक मॉडल के शरीर पर नीले और सफेद रंग की टी-शर्ट बना दी। यह स्प्रे शरीर पर डालते ही सूख जाता है। बने हुए कपड़े को शरीर से उतारकर और धोकर फिर से पहना जा सकता है।

फैब्रिकैन में कॉटन के रेशे, इन्हें एक दूसरे के साथ चिपकाने वाले पॉलिमर्स और इन्हें तरल अवस्था में रखने वाले साल्वेंट्स होते हैं। डॉ. टोरेस ने लंदन स्थित इंपीरियल कालेज में पार्टिकल टेक्नोलॉजी के प्रोफेसर पॉल लुकहैम के सहयोग से इसे तैयार किया।

अगर आप फैब्रिकैन से बनाए गए कपड़े से ऊब गए हैं तो इसे पिघलाया भी जा सकता है। फिर इसी तरल से नया कपड़ा बनाया जा सकता है या पुराने डिजाइन को रिपेयर करने में इस्तेमाल हो सकता है।

डॉ. टोरेस ने बताया कि वे ऐसा कपड़ा बनाना चाहते थे जो तुरंत बन जाए, सस्ता हो और जिसकी फिटिंग एक दम सही हो। हालांकि फैब्रिकैन को बाजार में आने में अभी कुछ और साल लगेंगे। वे इस पर अभी और काम कर रहे हैं।



इससे पहले


0 comments:

Post a Comment